Hockey team jersey controversy: क्यों बदला हॉकी टीम की जर्सी का रंग? 'नीले' से 'नारंगी' होने पर उठे सवाल-मचा बवाल, तो हॉकी इंडिया ने बताई वजह

डिजिटल डेस्क, भोपाल। हॉकी वर्ल्ड कप 2026 से पहले भारतीय हॉकी टीम की जर्सी को लेकर विवाद मचा हुआ है। बीते कई सालों से नीली रंग की जर्सी में दिखाई देने वाली भारतीय महिला और पुरुष हॉकी टीम अब वर्ल्ड कप में नारंगी रंग की किट में नजर आएगी।
भारतीय टीम की जर्सी में बदलाव पर अब सवाल खड़े हो गए हैं। पूर्व खिलाड़ियों से लेकर सियासी गलियारों में भी इस मुद्दे पर जमकर बयानबाजी हो रही है। कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी दलों ने इसे प्रतीकों और पहचान से जोड़ते हुए सवाल उठाए हैं। वहीं, सत्ताधारी बीजेपी के नेताओं की तरफ से इसे सामान्य बदलाव बताते हुए समर्थन किया है।
दरसअल, 27 जुलाई को हॉकी इंडिया ने भारतीय टीम की नई जर्सी का अनावरण करते हुए एक वीडियो शेयर कियाथा, जिसके कैप्शन में लिखा था, "पेश करते हैं भारत की नई जर्सी! हर टांका एक कहानी बताता है। हर पैटर्न, हर रंग भारत का गौरव समेटे हुए है। हमारी टीमें FIH हॉकी वर्ल्ड कप बेल्जियम और नीदरलैंड्स 2026 में एक बार फिर देश का मान बढ़ाने के लिए तैयार हैं।"
रास्किन्हा ने उठाए सवाल
भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान विरेन रास्किन्हा ने कहा कि नीले रंग की जर्सी हमारी पहचान थी। इसमें बदलाव की वजह समझ से परे है। उन्होंने एक्स पर लिखा, 'हॉकी इंडिया ने देश के लिए कई अच्छे काम किए। मैंने कई सालों तक गर्व के साथ नीली जर्सी पहनी है और प्रशंसक भी टीम को इसी रंग में खेलते देखना चाहते हैं। आखिर नारंगी या भगवा रंग का तर्क क्या है।'
यह भी पढ़े -भारतीय हॉकी टीम के जर्सी विवाद पर प्रियंका गांधी बोलीं-चाहे कुछ भी कर लें, युवाओं ने साफ कर दी है अपनी राय
हॉकी इंडिया ने बताई वजह
जर्सी में बदलाव करने पर मचे बवाल के बीच हॉकी इंडिया की ओर से इस मामले पर चुप्पी तोड़ी गई है। उनकी ओर से रंग में बदलाव की वजह बताई गई है। हॉकी इंडिया प्रमुख दिलीप टिर्की ने कहा, "हम आपको बताना चाहते हैं कि जर्सी का रंग बदलने का फैसला सपोर्ट स्टाफ और खिलाड़ियों की सिफारिशों और उनसे हुई लंबी बातचीत के आधार पर लिया गया था।"
उन्होंने आगे कहा, "पहली सोच तकनीकी थी। यह देखा गया कि नीली जर्सी नीले रंग की आर्टिफिशियल खेल सतह के साथ घुलमिल जाती थी, जो अब अंतरराष्ट्रीय हॉकी मैदानों का मानक रंग है। इस दृश्य समानता से खिलाड़ियों के लिए मैदान पर स्पष्टता और दृश्यता प्रभावित होती थी।"
Created On :   30 July 2026 8:53 PM IST












